जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
जिलाधिकारी ने राजस्व वादों, वरासत, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों के निर्गमन सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की
नगर निकायों में अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान की समीक्षा, सार्वजनिक भूमि एवं मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद की तीनों तहसीलों बलरामपुर, तुलसीपुर एवं उतरौला में संचालित विभिन्न राजस्व कार्यों, राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों, वरासत, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों के निर्गमन, ई-परवाना, रियल टाइम खतौनी, नगर निकायों में अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना तथा ग्राम सभा भूमि आवंटन सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलवार राजस्व कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी सभी प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन से जुड़े कार्य सीधे आमजन के हितों से संबंधित हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए धारा-67, धारा-80 एवं धारा-116 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित समयावधि से अधिक लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर विधिसम्मत एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी पीठासीन अधिकारी अपने न्यायालयों में लंबित वादों की नियमित समीक्षा करें तथा पुराने प्रकरणों के निस्तारण में विशेष तेजी लाएं। राजस्व वादों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने ई-परवाना डैशबोर्ड एवं रियल टाइम खतौनी की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तहसीलवार डिजिटल आदेशों, अवशेष आदेशों, राजस्व ग्राम खतौनी तथा चकबंदी एवं सर्वे ग्रामों की स्थिति का अवलोकन किया।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ई-परवाना से संबंधित अवशेष आदेशों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखने के कार्य में तेजी लाई जाए।उन्होंने रियल टाइम खतौनी से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व अभिलेखों की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। डिजिटल अभिलेखों से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।जिलाधिकारी ने जनपद के नगर निकायों में अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नगर पालिका परिषद बलरामपुर एवं उतरौला तथा नगर पंचायत तुलसीपुर, गैसड़ी एवं पचपेड़वा में अतिक्रमण हटाने संबंधी कार्यवाही की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सार्वजनिक मार्गों, सड़क पटरियों, नालियों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवशेष अतिक्रमण के प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही करते हुए सार्वजनिक भूमि एवं मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।बैठक में जिलाधिकारी ने आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों के निर्गमन की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के उपरांत लंबित आवेदनों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए, जिससे आमजन को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी ने वरासत संबंधी कार्यों एवं राजस्व अभिलेखों के अद्यतन की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि वरासत के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व अभिलेखों में शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए उन्हें नियमित रूप से अद्यतन किया जाए।जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्राप्त, स्वीकृत, निरस्त एवं लंबित आवेदनों की तहसीलवार समीक्षा की।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों की जांच एवं आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।जिलाधिकारी ने ग्राम सभा भूमि आवंटन के अंतर्गत कृषि भूमि, आवास स्थल, मत्स्य पालन, वृक्षारोपण एवं कुम्हारी कला हेतु भूमि आवंटन की प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि आवंटन संबंधी कार्यों में निर्धारित नियमों एवं पात्रता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाई जाए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर राजस्व कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली जनहितकारी, पारदर्शी एवं जवाबदेह होनी चाहिए। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए राजस्व संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, समस्त एसडीएम, तहसीलदार व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।