अकीदत के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा
1 min read
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
देश की तरक्की और अमन-चैन की दुआ में उठें हजारों हाथ
गोंडा। जिले के कर्नलगंज कस्बा सहित विभिन्न नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा
बकरीद हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कर्नलगंज कस्बे के ईदगाह में ईद की विशेष नमाज सामूहिक तौर पर अदा की गई। इसी के साथ ही अन्य मस्जिदों में नमाज के बाद देश में अमन, चैन के साथ प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और कुर्बानी कर दुआ मांगी गई। इसके बाद मुस्लिम घरों में खुदा की राह में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। खासतौर पर बच्चों में पर्व का उत्साह देखते ही बना। नए परिधानों में सजे मुस्लिम भाइयों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। वहीं सोशल नेटवर्क पर पर्व की बधाई देने का दौर शुरू हुआ। साथ ही कुर्बानी के लिए खास इस दिन पर बकरों की कुर्बानी दी जा रही है। ईद पर आगामी तीन दिनों तक दावतों का दौर जारी रहेगा। मस्जिदों के बाहर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी काफी सतर्क दिखा और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। ईद-उल-अजहा पर माहौल किसी मेले से कम नहीं रहा। इसका लुत्फ बच्चों ने भरपूर उठाया। बच्चों ने गुब्बारों और अपने पसंदीदा खिलौनों की खरीदारी की।
ईद उल अजहा की नमाज के मौके पर मुस्तैद रही कर्नलगंज पुलिस
इस पर्व पर क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों व ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई। ईद उल अजहा की नमाज के मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस थाना व चौकी प्रभारी के नेतृत्व में समस्त ईदगाह के स्थानो पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के प्रति मुस्तैद नजर आई।
मुल्क में अमन चैन के लिए हजारों लोगों ने मांगी दुआएं
ईदगाह के मैदान में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद हजारों लोगों ने मुल्क में अमन चैन के लिए दुआएं मांगी।