डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी का किया औचक निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के दिए निर्देश
बलरामपुर।जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम आभा आईडी (ABHA ID) बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा की और निर्देशित किया कि अधिक से अधिक मरीजों की आभा आईडी बनाकर उन्हें डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना मरीजों को बेहतर एवं सुगम उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया, जिसमें जन औषधि कक्ष, दवा वितरण कक्ष, औषधि भंडारण कक्ष, पुरुष एवं महिला वार्ड, आयुष्मान कक्ष, टीकाकरण कक्ष तथा पैथोलॉजी लैब शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया।औषधि कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवाओं के स्टॉक रजिस्टर एवं इन्डेंट स्थिति की जांच की। विभिन्न रजिस्टर अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से संधारित न पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित फार्मासिस्ट शिवाशरण को तत्काल हटाए जाने एवं उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।टीकाकरण कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एएनसी (ANC) रजिस्टर को नियमित एवं सही तरीके से संधारित किया जाए, जिससे गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों का समुचित रिकॉर्ड रखा जा सके और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार, संबंधित एमओआईसी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।