डीएम ने निर्माणाधीन रिंग रोड का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।जनपद में महत्वपूर्ण परियोजना निर्माणाधीन रिंग रोड का जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता का गहनता से जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा रिंग रोड के गोंडा रोड से प्रारंभिक बिंदु (प्वाइंट जीरो) का अवलोकन किया गया। इसके पश्चात उन्होंने प्वाइंट 2.3 , प्वाइंट 5.265 तथा प्वाइंट 5.6 पर निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में आधुनिक तकनीकों एवं मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूर्ण किया जा सके।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की मॉनिटरिंग की जाए साथ ही, सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि रिंग रोड के निर्माण से जनपद में यातायात का दबाव कम होगा तथा आमजन को आवागमन में सुगमता प्राप्त होगी। यह परियोजना जनपद के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।