Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने ग्राम पंचायत भूसौलवा में जन चौपाल के बाद किया स्थलीय निरीक्षण, विकास कार्यों का लिया जायजा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत भूसौलवा में आयोजित जन चौपाल के उपरांत ग्राम का स्थलीय भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्राम में प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर भवन की स्थिति, शौचालयों की साफ-सफाई एवं उपयोगिता सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र ही शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके ।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर सभी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा जन समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी जाए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी,कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.