डीएम ने किया तहसील सदर स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप का निरीक्षण
रिपोर्ट -ब्यूरो बलरामपुर
क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं बदलने की प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए निर्देश
स्टॉक रजिस्टर, पोल एवं विद्युत सामग्री की उपलब्धता का लिया जायजा
आंधी-बारिश से प्रभावित दूरस्थ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने पर दिया जोर
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा तहसील सदर स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति बहाली एवं ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों की मरम्मत की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों तथा विद्युत आपूर्ति सुचारू किए जाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आंधी, बारिश एवं दैवीय आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं प्रतिस्थापन कार्य में और तेजी लाई जाए, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बाधित विद्युत आपूर्ति को शीघ्र सामान्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को विद्युत आपूर्ति संबंधी असुविधा कम से कम हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी युद्ध स्तर पर कार्य करें।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया गया तथा उपलब्ध ट्रांसफार्मरों, विद्युत पोल एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि के भीतर क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को बदलने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा मरम्मत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि फील्ड स्तर पर कार्यरत टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम संबंधी आपदाओं के दौरान विद्युत व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।इस दौरान अधिशाषी अभियंता विद्युत एवं संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।