जिलाधिकारी ने परखी विद्युत व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
लाइनमैन एवं जेई की कार्यप्रणाली की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड गैसड़ी के ग्राम पुरैना विद्युत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंधी-तूफान एवं दैवीय आपदा के कारण क्षतिग्रस्त होने पर विद्युत पोल एवं अन्य विद्युत संरचनाओं का आकलन तत्काल पूर्ण किए जाने की कार्यवाही की जाए तथा सभी मरम्मत कार्य तेजी से कराते हुए विद्युत आपूर्ति को पूर्ण रूप से सुचारू एवं निर्बाध किए जाने की कार्यवाही की जाए।उन्होंने कहा कि नियमित पेट्रोलिंग एवं फॉल्ट डिटेक्शन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी को तत्काल ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।जिलाधिकारी ने क्षेत्र में विद्युत वोल्टेज की स्थिति की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि यदि कहीं कम वोल्टेज की समस्या है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिल सके।इस दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय अवर अभियंता (जेई) एवं लाइनमैनों के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लाइनमैन सक्रिय रूप से कार्य करें तथा विद्युत संबंधी शिकायतों एवं फॉल्ट का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन कार्मिकों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया जाए, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता विद्युत व विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।हाल ही में आए आंधी-तूफान एवं दैवीय आपदा के कारण गैसड़ी एवं पचपेड़वा सहित जनपद भर में लगभग 860 विद्युत पोल एवं 56 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए थे, जिनमें गैसड़ी एवं पचपेड़वा क्षेत्र सर्वाधिक प्रभावित रहे।उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। गैसड़ी एवं पचपेड़वा क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों के मरम्मत कार्य निरंतर जारी हैं तथा शीघ्र ही सभी ग्रामों में विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से सामान्य कर दी जाएगी।निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता विद्युत व विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।