Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज हत्या का आरोप

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के पचउध उर्फ लतीफपुर गांव में मंगलवार-बुधवार की रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव घर के बाहर पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव निवासी मालती मौर्य (21) की शादी गत 11 मार्च को देवदत्त मौर्य के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि पति मुंबई में रहकर काम करता है। बुधवार सुबह घर के बाहर पेड़ से मालती का शव लटका देख परिवार में चीख-पुकार मच गई।आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। मृतका की मां कपूरा देवी ने डुमरियागंज थाने में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बृजेश वर्मा तथा डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाल श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.