सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में डिजिटल अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू, मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर जांच सुविधा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
डीएम ने फीता काटकर किया शुभारंभ, टेक्नीशियन की नियुक्ति से नियमित संचालन सुनिश्चित
स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल
बलरामपुर।जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में डिजिटल अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा प्रारंभ कर दी गई। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर फीता काटकर डिजिटल अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया गया।इस नई सुविधा के प्रारंभ होने से क्षेत्रीय मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं गंभीर बीमारियों से संबंधित जांच कराने वाले मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं त्वरित जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को जिला मुख्यालय अथवा निजी संस्थानों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सीय सुविधा प्राप्त होगी।उन्होंने यह भी बताया कि मशीन के सुचारु एवं नियमित संचालन के लिए टेक्नीशियन की नियुक्ति भी कर दी गई है, जिससे मरीजों को लगातार जांच सुविधा उपलब्ध होती रहेगी।जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मशीन का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए मरीजों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान की जाएं।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष श्रीवास्तव, डॉ. चौधरी, एमओआईसी डॉ. सुजीत पांडे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।