जनगणना 2027 के तहत स्व-जनगणना जागरूकता अभियान के अंतर्गत मीडिया कार्यशाला आयोजित
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
मीडिया बंधुओं को स्वगणना प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी
जनपद में सभी तहसीलों पर हेल्प डेस्क एवं जिला स्तरीय हेल्पलाइन स्थापित
बलरामपुर।जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्व-जनगणना जागरूकता अभियान के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करते हुए जनसामान्य को जागरूक करने में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय द्वारा उपस्थित मीडिया बंधुओं को स्व-जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व एवं ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना करने की विधि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसमें नागरिक स्वयं भी डिजिटल माध्यम से अपनी गणना कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि जनपद में आमजन की सुविधा हेतु सभी तहसीलों में स्वगणना हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां नागरिकों को स्वगणना संबंधी सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 05263-297299 भी स्थापित किया गया है, जिस पर संपर्क कर जनसामान्य अपनी समस्याओं का समाधान एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।कार्यशाला के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना पोर्टल एवं उसकी प्रक्रिया का प्रायोगिक प्रदर्शन भी कराया गया। साथ ही उपस्थित मीडिया बंधुओं का स्वगणना भी कराया गया तथा उन्हें अपने माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना हेतु प्रेरित करने की अपील की गई।अधिकारियों द्वारा बताया गया कि स्व-जनगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी डिजिटल माध्यम से सुरक्षित एवं सरल तरीके से दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।कार्यशाला में विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।