डीएम की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
मुकदमों में प्रभावी पैरवी एवं शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
आबकारी, खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के वादों में तेजी लाने पर जोर
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न न्यायालयों में लंबित मुकदमों, अभियोजन कार्यों की प्रगति तथा विभागवार वादों के निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी मामलों में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों को समयबद्ध तरीके से दंडित किया जा सके तथा न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि गंभीर प्रकृति के मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए एवं अभियोजन की कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता न रहे।बैठक में आबकारी, खाद्य सुरक्षा, राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित लंबित मुकदमों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय वादों में समयबद्ध कार्यवाही करते हुए निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा आवश्यक अभिलेख एवं साक्ष्य समय से उपलब्ध कराए जाएं।उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मुकदमों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित एवं पारदर्शी न्याय व्यवस्था को बल मिल सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, समस्त एसडीएम , क्षेत्राधिकारी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे।