शादी का झांसा देकर किशोरी को भगाने व धर्म परिवर्तन कराने का आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर। थाना सादुल्लानगर पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने, धर्म परिवर्तन कराने और दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।पुलिस के अनुसार, जुलाई 2025 में क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को शादी का झांसा देकर भगा ले जाया गया है। मामले में प्रारंभ में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता की बरामदगी के बाद गोंडा जिले के खोडारे थाना क्षेत्र निवासी गयासुद्दीन उर्फ साहिल का नाम प्रकाश में आया, जबकि पूर्व नामित आरोपी का नाम विवेचना में विलोपित कर दिया गया।जांच में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को सादुल्लानगर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पीड़िता को सकुशल बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।