Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के तहत गोपालकों को मिलेगा 80 हजार रुपये तक का अनुदान : मुख्य पशु चिकित्साधिकारी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

उन्नत नस्ल की दो स्वदेशी गायों की इकाई स्थापना पर 40 प्रतिशत तक अनुदान की सुविधा

11 जून से 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

बलरामपुर।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के पशुपालकों एवं गोपालकों को अवगत कराया है कि नन्द बाबा दुग्ध मिशन, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के तहत उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी जनपदों में गोपालकों को बाह्य प्रदेशों से उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों जैसे गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा प्रजाति की गायों के क्रय पर अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत दो गायों की इकाई स्थापित करने पर कुल लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम ₹80,000 तक का अनुदान देय होगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि योजना में महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गोपालकों के लिए निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत आरक्षित रखा गया है। क्रय की जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की होना अनिवार्य होगा।योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी। इच्छुक लाभार्थी नन्द बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के पात्र पशुपालकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि उन्नत नस्ल की गायों के पालन से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी, जिससे पशुपालकों की आय बढ़ेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।उन्होंने बताया कि योजना हेतु ऑनलाइन आवेदन 11 जून, 2026 से प्रारम्भ होंगे तथा 10 जुलाई, 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित विकास खंड कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, बलरामपुर ने जनपद के समस्त इच्छुक गोपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों से समय से आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.