पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा जनपद के संवेदनशील स्थलों का किया गया निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
कलेक्ट्रेट सभागार बलरामपुर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बलरामपुर।आज दिनांक 18.06.2026 को आगामी मोहर्रम त्यौहार के दृष्टिगत जनपद बलरामपुर में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कोतवाली नगर व थाना कोतवाली देहात क्षेत्रान्तर्गत स्थित नहरबालागंज कर्बला सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों एवं ताजिया मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के उपरांत उपमहानिरीक्षक द्वारा जिलाधिकारी बलरामपुर विपिन कुमार जैन व पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के साथ कलेक्ट्रेट सभागार बलरामपुर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा बैठक की गई एवं पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता अथवा अव्यवस्था को तत्काल प्रभाव से नियंत्रित किया जाए। साथ ही आयोजनों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कर्बला और जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल की उपलब्धता हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था के संबंध में निर्देशित किया गया कि प्रमुख मार्गों पर यातायात का सुचारु रुप से संचालन सुनिश्चित किया जाए, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर बल दिया गया जिससे त्यौहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों और सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाय तथा जनता से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए त्यौहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस या यूपी 112 पर दें।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती ज्योति श्री सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।