Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

बलरामपुर में होटलों और रेस्टोरेंटों में निःशुल्क शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की मांग

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर। जिला युवा अधिवक्ता एसोसिएशन बलरामपुर ने जनपद के सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं प्रतिष्ठानों में ग्राहकों के लिए निःशुल्क शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेन्द्र उपाध्याय एडवोकेट ने सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलरामपुर को एक पत्र लिखकर मांग की है।मांग पत्र में कहा गया है कि वर्तमान समय में बाजारवाद का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट और प्रतिष्ठानों में ग्राहकों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जाता। जबकि छोटे स्तर के रेहड़ी-पटरी संचालक भी आम लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था करते हैं। कई प्रतिष्ठानों में ग्राहकों के सामने मिनरल वाटर की बंद बोतल रखकर उसकी कीमत वसूल की जाती है।जिला युवा अधिवक्ता एसोसिएशन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि माननीय उच्चतम न्यायालय तथा उपभोक्ता संरक्षण कानून की भावना के अनुसार होटल, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों में आने वाले लोगों को शुद्ध एवं निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। संगठन का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में बलरामपुर जनपद की बड़ी आबादी आर्थिक रूप से कमजोर है और हर व्यक्ति के लिए बोतलबंद पानी खरीद पाना संभव नहीं है।अध्यक्ष मृगेन्द्र उपाध्याय एडवोकेट ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि जनपद के सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया जाए कि वे अपने यहां आने वाले ग्राहकों के लिए शुद्ध एवं निःशुल्क पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम जनता के स्वास्थ्य और उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर जिला युवा अधिवक्ता एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.