नीट व पेपर लीक मामलों पर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर, 24 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में नीट परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, बढ़ती बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था की खामियों को प्रमुखता से उठाया गया।जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि बार-बार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं के निरस्त होने से लाखों युवाओं की मेहनत और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नीट सहित कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि जब परीक्षा प्रणाली पर बार-बार प्रश्न उठ रहे हैं तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की बनती है। इसी आधार पर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग की।एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबहादुर यादव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों को पेपर लीक और सरकारी लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने कहा कि लगातार सामने आ रहे भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है।वक्ताओं ने बताया कि कांग्रेस के “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से छात्रों, अभ्यर्थियों और युवाओं की समस्याओं को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।