गन्ना किसानों के लिए तीन दिवसीय विशेष मेले का शुभारंभ
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बीमा, पेंशन एवं वित्तीय सुरक्षा योजनाओं का एक ही स्थान पर मिला लाभ, बड़ी संख्या में किसानों ने कराया पंजीकरण
हर पात्र गन्ना किसान तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ, एक ही मंच पर मिलेगी बीमा, पेंशन और बैंकिंग सेवाएं
बलरामपुर।प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र गन्ना किसान परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, तुलसीपुर परिसर में तीन दिवसीय विशेष सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन मेले का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन गन्ना विकास विभाग, विभिन्न बैंकों एवं संबंधित संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से किया गया, जिसके माध्यम से किसानों को बीमा, पेंशन एवं वित्तीय सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रदेश स्तर पर 6 से 11 जुलाई तक संचालित सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन महाअभियान का हिस्सा है। मेले में किसानों को अटल पेंशन योजना , प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र किसानों का मौके पर ही पंजीकरण कराते हुए आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन एवं बैंकिंग संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में उप गन्ना आयुक्त, देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा, जिला गन्ना अधिकारी बलरामपुर, एलडीएम बलरामपुर, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति तुलसीपुर, एजीएम चीनी मिल तुलसीपुर, स्टेट बैंक, इंडियन बैंक एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप गन्ना आयुक्त ने कहा कि सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र गन्ना किसान परिवार तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए गन्ना विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेंगे तथा अधिक से अधिक किसानों का नामांकन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं किसानों एवं उनके परिवारों को दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु तथा वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी और उनके प्रश्नों का समाधान भी किया। बैंक अधिकारियों ने बीमा एवं पेंशन योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों से अधिकाधिक संख्या में इन योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
मेले में उपस्थित पूर्व अध्यक्ष, गन्ना विकास परिषद तुलसीपुर ने कहा कि गन्ना विकास विभाग द्वारा किसानों को एक ही मंच पर विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी तथा उनका आर्थिक भविष्य अधिक सुरक्षित होगा।तीन दिवसीय मेले के प्रथम दिन लगभग 300 गन्ना किसानों ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में अपना पंजीकरण कराया।आयोजन के दौरान किसानों को योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई तथा आगामी दिनों में अधिकाधिक किसानों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
गन्ना विकास विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ समिति परिसर में पहुंचकर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें तथा अपने परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में सहभागिता निभाएं।