Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की प्रगति एवं बजट व्यय की समीक्षा बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सी एवं डी ग्रेड वाले विभाग अगले माह रैंकिंग में सुधार लाएं, समयबद्ध लक्ष्य पूरे करें: डीएम

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभागवार प्रगति, विकास कार्यों की समीक्षा एवं बजट व्यय की प्रगति के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रदर्शन, योजनाओं की प्रगति, ऑनलाइन डेटा फीडिंग तथा बजट व्यय की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया गया।बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभागवार उपलब्धियों एवं रैंकिंग की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से सी एवं डी ग्रेड प्राप्त विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागीय कार्यों में आवश्यक सुधार लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तेजी से प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना तैयार कर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करे तथा अगले माह की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार लाने के लिए गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित सूचनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी विभाग अपने कार्यों से संबंधित सही एवं अद्यतन डेटा समय से पोर्टल पर फीड करें, ताकि शासन स्तर पर जनपद की वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि डेटा फीडिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।बैठक में बजट व्यय की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभागवार प्राप्त बजट एवं उसके सापेक्ष किए गए व्यय का विस्तृत परीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन मदों एवं कार्यों के लिए बजट प्राप्त हुआ है, उनका उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण तक प्रतीक्षा करने के बजाय योजनाबद्ध तरीके से नियमित रूप से बजट का उपयोग किया जाए, जिससे विकास कार्यों में गति बनी रहे तथा शासन द्वारा निर्धारित वित्तीय लक्ष्यों की समय पर पूर्ति हो सके।उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से अपेक्षा की कि वे विकास कार्यों की सतत निगरानी करें, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.