Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

बलरामपुर पुलिस ने 21.07 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर, 31 जुलाई। जनपद बलरामपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली देहात क्षेत्र से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 21.07 ग्राम स्मैक पाउडर, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मोबाइल फोन तथा 1,690 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 30 जुलाई को उपनिरीक्षक राहुल कुमार भारती अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हसुआडोल स्थित मंगल टेंट हाउस के पीछे मुर्गी फार्म के पास दो व्यक्ति स्मैक बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बाबू उर्फ मिट्ठू लाल निवासी हसुआडोल, थाना कोतवाली देहात तथा रुपम तिवारी निवासी मद्धपुरवा बालपुर, थाना विशेश्वरगंज, जनपद बहराइच को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 21.07 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मोबाइल फोन एवं 1,690 रुपये नकद बरामद हुए। इस संबंध में थाना कोतवाली देहात पर मुकदमा संख्या 313/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।पूछताछ में मुख्य अभियुक्त बाबू उर्फ मिट्ठू लाल ने बताया कि वह रुपम तिवारी के साथ मिलकर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से स्मैक तौलकर लगभग 500 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचता था। बरामद नकदी स्मैक की बिक्री से प्राप्त हुई थी। पुलिस के अनुसार बाबू उर्फ मिट्ठू लाल के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल कुमार भारती, उपनिरीक्षक श्रवण चन्द सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.