Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

ईंट की गिनती को लेकर विवाद, दो युवकों समेत तीन पर मारपीट का आरोप

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर। थाना सादुल्लानगर क्षेत्र में ईंट की गिनती को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कम ईंट देने की शिकायत करने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक से आए लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।ग्राम कम्मरपुर निवासी अब्दुल कलाम (24) पुत्र नफीस के अनुसार, उसने 25 जुलाई को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से चार हजार ईंट खरीदी थी। ईंट उतरवाने के बाद गिनती कराने पर करीब 1500 ईंट कम निकली। आरोप है कि शुक्रवार को वही लोग दोबारा ईंट लेकर अहरौली पुलिया के पास मिले। इस पर उसने कम ईंट देने की बात कहते हुए उन्हें रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करते ही दो युवक बाइक से तथा एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली से उतरकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सुबह करीब 11 बजे आरोपियों ने उसके साथ थप्पड़, लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बहनोई के भाई मासूम रजा (25) पुत्र अली शेर को भी आरोपियों ने पीट दिया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।अब्दुल कलाम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपियों की बाइक का नंबर DL75AC0691 भी बताया है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पक्ष का बयान सामने नहीं आ सका था।थानाध्यक्ष सादुल्लानगर सतेंद्र वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.