सड़क हादसे में दारोगा की मौत, सिपाही गम्भीर
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास देर रात गश्त के दौरान पुलिस की कार हादसे का शिकार हो गई। कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार उपनिरीक्षक आकाश यादव (28) की मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल प्रदीप कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी रात में ड्यूटी के दौरान गश्त पर निकले थे। नऊवा कुआं के पास पुलिस की कार अनियंत्रित होकर गिट्टी लदे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।मृतक उपनिरीक्षक आकाश यादव मूल रूप से मिर्जापुर जनपद के रहने वाले थे और अयोध्या में तैनात थे। हादसे में घायल कांस्टेबल प्रदीप कुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि देने के बाद उपनिरीक्षक आकाश यादव के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक जनपद मिर्जापुर भेज दिया गया।
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच भी की जा रही है।