प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित हो रही प्रथम सत्र की मौखिक परीक्षाएं
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
मौखिक परीक्षाओं के माध्यम से बच्चों की शैक्षिक उपलब्धि के साथ अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास का हो रहा आकलन
बलरामपुर।जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता एवं लर्निंग आउटकम के आकलन के उद्देश्य से प्रथम सत्र की मौखिक परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यालयों में परीक्षाओं को भयमुक्त, सहज एवं रुचिकर वातावरण में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राएं उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं।मौखिक परीक्षाओं के दौरान बच्चों के विषयगत ज्ञान के साथ-साथ उनकी समझ, अभिव्यक्ति क्षमता, स्मरण शक्ति, भाषा कौशल एवं आत्मविश्वास का भी आकलन किया जा रहा है। शिक्षक बच्चों से उनकी कक्षा एवं शैक्षिक स्तर के अनुरूप प्रश्न पूछने के साथ कविता, कहानी, अंग्रेजी कविता एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से उनकी सीख को परख रहे हैं।इसी क्रम में विकास खंड बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय कटिया में आयोजित प्रथम सत्र की मौखिक परीक्षा के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा-01 की छात्रा नैनजी ने कविता सुनाकर अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया, वहीं कक्षा-04 की छात्रा अलिना ने अंग्रेजी कविता सुनाकर अंग्रेजी भाषा के प्रति अपनी समझ एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया।इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय गोंदीपुर एवं प्राथमिक विद्यालय सिंहवापुर सहित जनपद के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मौखिक परीक्षाएं रुचिकर एवं सकारात्मक शैक्षिक वातावरण में संचालित की जा रही हैं।प्रथम सत्र की मौखिक परीक्षाओं के माध्यम से बच्चों की शैक्षिक प्रगति का आकलन करते हुए जिन विषयों अथवा दक्षताओं में अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित कर शिक्षण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार करते हुए बेहतर लर्निंग आउटकम सुनिश्चित करना है।जनपद में बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं गतिविधि आधारित शिक्षा को बढ़ावा देते हुए बच्चों को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें वे सहजता से सीखें, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।