Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

‌नवनिर्मित चौकी रामदास नगर का एसएसपी ने किया लोकार्पण, ग्राम प्रहरियों को बांटी सुरक्षा सामग्री

रिपोर्ट -ब्यूरो आचार्य स्कंद दास अयोध्या धाम

अयोध्या। थाना मवई क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में नवनिर्मित पुलिस चौकी रामदास नगर का लोकार्पण शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने फीता काटकर किया। इसके साथ ही थानाध्यक्ष कार्यालय एवं आदर्श मेस के नवीनीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी रुदौली समेत अन्य पुलिस अधिकारी और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
लोकार्पण के बाद एसएसपी ने थाना मवई क्षेत्र में नियुक्त ग्राम प्रहरियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें कर्तव्य निर्वहन के लिए टॉर्च, डंडा, साफा, सीटी-डोरी सहित आवश्यक सामग्री वितरित की।एसएसपी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस और ग्राम प्रहरियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उपलब्ध कराई गई सामग्री से ग्राम प्रहरियों को रात्रि गश्त और निगरानी में सुविधा मिलेगी।इसके बाद एसएसपी ने नवनिर्मित चौकी परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों और उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। परिसर में मौजूद बच्चों से भी उन्होंने स्नेहपूर्वक संवाद किया और उन्हें मिष्ठान्न वितरित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चौकी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.