डीएम ने विकास खंड श्रीदत्तगंज की ग्राम पंचायत दारीचौरा एवं पिपरी कोल्हुई का किया स्थलीय निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
ग्राम पंचायत सचिवालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी का लिया जायजा, अधिक से अधिक युवाओं एवं विद्यार्थियों को जोड़ने के दिए निर्देश
परिवार रजिस्टर का अवलोकन कर प्रगति की समीक्षा, अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकास खंड श्रीदत्तगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत दारीचौरा (जीतनगर) एवं ग्राम पंचायत पिपरी कोल्हुई का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं ग्राम स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी तथा प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।ग्राम पंचायत दारीचौरा (जीतनगर) में जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं एवं इसके उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को डिजिटल माध्यम से अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में डिजिटल लाइब्रेरी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटल लाइब्रेरी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को इससे जोड़ा जाए, जिससे ग्राम स्तर पर उपलब्ध कराई गई इस सुविधा का अधिकतम उपयोग हो सके।इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में परिवार रजिस्टर का भी अवलोकन किया तथा इसकी प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को परिवार रजिस्टर सहित ग्राम पंचायत स्तर के आवश्यक अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत पिपरी कोल्हुई पहुंचकर ग्राम पंचायत सचिवालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी की उपयोगिता बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को इसकी जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में इससे लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत पिपरी कोल्हुई स्थित प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान बारिश के समय विद्यालय में होने वाली जलभराव की समस्या की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जलभराव की समस्या के प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा बारिश के दौरान जलभराव से पठन-पाठन प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक जल निकासी व्यवस्था एवं अन्य जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही जनसुविधाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा ग्राम सचिवालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी जैसी व्यवस्थाओं को सक्रिय और उपयोगी बनाया जाए।इस दौरान खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।