श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान जारी
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
अभियान के दौरान 08 श्रमिकों का कराया गया पंजीकरण, 111 श्रमिकों को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के संबंध में किया गया जागरूक
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशानुसार जनपद के निर्माण श्रमिकों को शासन की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा पात्र श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराए जाने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा लगातार जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में दिनांक 16 सितम्बर, 2026 को सेखुईकला, भगवतीगंज बड़े पुल के पास स्थित लेबर अड्डे पर उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत एवं अपंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान आयोजित किया गया।अभियान के दौरान श्रम विभाग की टीम द्वारा श्रमिकों को श्रमिक पंजीकरण, पंजीकरण के नवीनीकरण तथा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। श्रमिकों को बताया गया कि पात्र निर्माण श्रमिक अपना पंजीकरण एवं समय से नवीनीकरण कराकर बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का नियमानुसार लाभ प्राप्त कर सकते हैं।इस दौरान श्रमिकों को पंजीकरण एवं विभिन्न योजनाओं में आवेदन की प्रक्रिया के साथ ही आवश्यक अभिलेखों के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्हें निर्धारित अभिलेख तैयार रखने तथा आवेदन के समय प्रस्तुत करने के लिए जागरूक किया गया, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।विशेष अभियान के दौरान कुल 08 श्रमिकों का पंजीकरण कराया गया। वहीं, शेष 111 श्रमिकों को पंजीकरण के लिए आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने एवं प्रस्तुत करने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने के उपरांत पात्र श्रमिकों का नियमानुसार पंजीकरण कराया जाएगा।श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को यह भी बताया गया कि पंजीकरण के बाद पात्रता के अनुरूप बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन किया जा सकता है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिक बोर्ड से जुड़ें तथा शासन द्वारा उनके सामाजिक एवं आर्थिक हितों के लिए संचालित योजनाओं से लाभान्वित हों।जिलाधिकारी के निर्देशन में श्रम विभाग द्वारा लेबर अड्डों एवं अन्य स्थानों पर श्रमिकों तक सीधे पहुंचकर जागरूकता, पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। विभाग द्वारा इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित किए जाएंगे, जिससे कोई भी पात्र निर्माण श्रमिक जानकारी अथवा पंजीकरण के अभाव में कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।