शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले जाने वाला युवक मनकापुर स्टेशन से गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर(बलरामपुर)। शादी का झांसा देकर करीब 15 वर्षीय नाबालिग युवती को घर से ले जाने के मामले में सादुल्लानगर पुलिस ने आरोपी युवक को गोण्डा के मनकापुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को नाबालिग अपने घर से बिना बताए चली गई थी। 13 सितंबर को उसके पिता ने सादुल्लानगर थाने में तहरीर देकर बेटी के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ग्राम मनीगढ़ा निवासी मो. साबिर खान (21) पुत्र बैतुल्ला का नाम सामने आया।पुलिस टीम ने नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। इसी दौरान बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मनकापुर रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सादुल्लानगर सत्येन्द्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।पुलिस ने बताया कि विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दुर्गेश तिवारी, हेड कांस्टेबल अमजद खां, कांस्टेबल महमूद अली और महिला कांस्टेबल महिमा वर्मा शामिल रहीं।