Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

पुलिस लाइन में एसपी ने परखी पुलिसकर्मियों की फिटनेस, यूपी-112 के उपकरणों की जांच की

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बैरक से लेकर भोजनालय तक का निरीक्षण, साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

बलरामपुर। पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन बलरामपुर में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता और अनुशासन का जायजा लिया।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को दौड़ लगवाई गई। इसके साथ ही टोलीवार ड्रिल कराकर एकरूपता, अनुशासन और शारीरिक चुस्ती-फुर्ती बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम करने तथा ड्यूटी के दौरान सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक, भोजनालय और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।एसपी ने यूपी-112 वाहनों और उनमें उपलब्ध उपकरणों की भी जांच की। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उपकरणों को दुरुस्त रखने तथा संसाधनों का नियमित रखरखाव करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की फिटनेस, अनुशासन और बेहतर संसाधन व्यवस्था पुलिसिंग को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.