Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीसीएम के नीचे दबाकर दो मासूम बेटियों के साथ पिता की मौत,पूरी रात वाहन के नीचे दबे रहने की नहीं लगी भनक

रिपोर्ट – ब्यूरो बस्ती

बस्ती।गौर थाना क्षेत्र के कोठवा गांव के पास रविवार देर रात अनियंत्रित डीसीएम की चपेट में आने से एक पिता और उनकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। हादसे में 35 वर्षीय राजेश यादव, उनकी 11 वर्षीय बेटी शिवांगी और पांच वर्षीय बेटी मानवी की जान चली गई। सबसे दुखद बात यह रही कि हादसे के बाद तीनों के शव पूरी रात वाहन के नीचे दबे रहे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, कोठवा गांव निवासी राजेश यादव अपनी दोनों बेटियों के साथ पास के गांव में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल के भंडारे में शामिल होने गए थे। वहां से प्रसाद लेकर तीनों वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अनियंत्रित डीसीएम की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि राजेश यादव और उनकी दोनों बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद तीनों शव डीसीएम के नीचे दबे रह गए। रात का समय होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल लोगों तक नहीं पहुंच सकी। पिता और दोनों बेटियों के घर नहीं पहुंचने पर भी रातभर किसी को इस भयावह घटना का अंदाजा नहीं हो पाया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर सामने आने के बाद गांव में मातम पसर गया। घटना की जानकारी सुबह होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गौर थाना पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए डीसीएम के नीचे दबे तीनों शवों को बाहर निकलवाया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। हादसे के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को बाहर निकलवाया और सड़क पर यातायात बहाल कराया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई इस बात से स्तब्ध था कि एक पिता अपनी दो बेटियों के साथ घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने तीनों की जिंदगी छीन ली। राजेश यादव और उनकी दोनों बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस पिता के साथ दोनों मासूम बेटियां भंडारे से प्रसाद लेकर घर लौट रही थीं, उसी सफर का अंत इतना भयावह होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.