लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
राष्ट्रीय एकता दिवस पर स्पोर्ट्स स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी’, छात्र-छात्राओं ने दिया राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश
डीएम ने छात्र-छात्राओं को दिलाई राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ, देश की एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने का किया आह्वान
स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को डीएम ने मेडल पहनाकर एवं टी-शर्ट प्रदान कर किया सम्मानित
बलरामपुर।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर जनपद बलरामपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़ का आयोजन किया गया।एकता दौड़ में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा देश की एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता एवं सद्भावना की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने स्वतंत्रता के पश्चात विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत एवं अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का महान कार्य किया।जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन दृढ़ संकल्प, अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके आदर्श हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी राष्ट्र का भविष्य है। सभी युवा सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं एकता की भावना को मजबूत करें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा एवं शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मेडल पहनाकर एवं टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि आपसी सहयोग, एकता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ते हुए जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया।इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप केला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, आईजी स्टाम्प सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।