पंचायत भवन की मरम्मत में पीली ईंट और नदी की बालू से हुई खानापूर्ति! सोनपुर में सरकारी धन के बंदरबांट का आरोप
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
प्रधान प्रतिनिधि मोइनुद्दीन पर ग्रामसभा का पैसा हड़पने के गंभीर आरोप, प्रधान दीनदयाल का छप्परनुमा आशियाना देख उठे सवाल; पंचायत सचिव आशीष कुशवाहा ने कहा- छुट्टी से लौटने के बाद देखूंगा मामला
बलरामपुर। विकासखंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत सोनपुर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित बंदरबांट का मामला सामने आया है। पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर धनराशि निकालने के बावजूद निर्माण कार्य में स्थानीय नदी की बालू और पीली ईंटों का इस्तेमाल कर महज खानापूर्ति किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
मामले की पड़ताल करने पहुंची राष्ट्रीय समाचार की टीम को ग्राम प्रधान दीनदयाल की जो तस्वीर देखने को मिली, वह गांव में विकास के दावों पर सवाल खड़े करने वाली है। प्रधान दीनदयाल एक जर्जर छप्परनुमा आशियाने में बेहद साधारण परिस्थितियों में जीवनयापन करते नजर आए। घर के आसपास पशुओं के रहने की व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी दिखाई दिया। वहीं दूसरी तरफ प्रधान प्रतिनिधि मोइनुद्दीन के आलीशान मकान और सुख-सुविधाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं।प्रधान के परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि जब से ग्राम पंचायत की कमान मोइनुद्दीन के हाथों में आई है, तब से ग्रामसभा के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की जा रही हैं। परिवार का आरोप है कि प्रधान मानदेय के नाम पर आने वाली धनराशि में से प्रधान को महज दो से चार हजार रुपये देकर बाकी रकम अपने पास रख ली जाती है। भाई-भतीजों के नाम पर आने वाले सरकारी भुगतानों को भी कथित तौर पर निकालकर खुद रख लेने का आरोप लगाया गया है। परिवार के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल जैसी सुविधाएं भी जुटा ली गईं, लेकिन प्रधान के परिवार की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।इस पूरे मामले में पंचायत सचिव आशीष कुशवाहा की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जब राष्ट्रीय समाचार की टीम ने पंचायत भवन की मरम्मत में कथित अनियमितता को लेकर उनसे जानकारी मांगी तो उन्होंने बताया कि वह अभी छुट्टी पर हैं और वापस आने के बाद देखेंगे कि पंचायत भवन में किस तरह से कार्य कराया गया है।अब सवाल यह है कि जब पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर सरकारी धनराशि खर्च हो चुकी है तो उसकी गुणवत्ता और कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच आखिर कौन करेगा? क्या ग्राम प्रधान दीनदयाल केवल नाम के प्रधान बनकर रह गए हैं? क्या ग्रामसभा के सरकारी धन के संचालन में प्रधान प्रतिनिधि और पंचायत सचिव की भूमिका की निष्पक्ष जांच होगी?ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग कि है कि ग्राम पंचायत सोनपुर के पंचायत भवन मरम्मत कार्य से लेकर सभी कार्यो की तकनीकी जांच कराई जाए। भुगतान अभिलेख, माप पुस्तिका (एमबी), निर्माण सामग्री और बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच कराई जाए, ताकि सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की सच्चाई सामने आ सके। आरोप प्रमाणित होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।