जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न; स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीकरण एवं सुरक्षित प्रसव संस्थागत रूप से कराया जाए। उन्होंने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी बच्चा एवं गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में सुधार लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि उनका मानदेय समय से एवं बढ़े हुए स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्राम स्तर पर कार्य में शिथिलता बरतने वाली निष्क्रिय आशाओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनकी सेवा समाप्त करने तथा उनके स्थान पर नई आशाओं की भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो सके।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर ओपीडी सेवाओं को बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर अनावश्यक दबाव कम हो।बैठक में आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्रता से बनाए जाएं, ताकि उन्हें निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ मिल सके।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनजागरूकता बढ़ाने, सर्वे कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।