बलरामपुर कलवारी गेट पर भीषण टक्कर: बारात की बोलेरो दूसरी गाड़ी से भिड़ी, 7 लोग गंभीर घायल
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर में सोमवार रात करीब 7:30 बजे को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। कलवारी गेट पर दो बोलेरो गाड़ियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बारात में जा रहे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह चकनाचूर हो गईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग दहशत में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।बताया जा रहा है कि बारात जोरावरपुरा से राजघाट ककरा जा रही थी, जो राम कुमार यादव के यहां से निकली थी। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बोलेरो से भिड़ंत हो गई।घायलों में प्रकाश, तिलक राम और रामनगर निवासी तुलसीराम शामिल हैं। एक घायल का पैर टूटने की बात सामने आई है, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर दोनों गाड़ियों की रफ्तार तेज होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।