Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं बीआरसी गैंसडी का किया निरीक्षण

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर।जनपद में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गैंसडी तथा ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) गैंसडी का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सर्विस बुक तथा जीपीएफ अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों को तत्काल अद्यतन किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक अथवा सेवा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।इसके अतिरिक्त, उन्होंने मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश प्रविष्टियों का भी अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि सभी कार्मिकों की अवकाश संबंधी प्रविष्टियां समय से एवं शत-प्रतिशत रूप से अपडेट रखी जाएं।इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) गैंसडी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत चल रहे नवीन नामांकन अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नामांकन बढ़ाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नवीन नामांकित बच्चों के आधार कार्ड निर्माण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी नवीन नामांकित बच्चों का आधार कार्ड शीघ्रता से बनवाया जाए, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग से संबंधित सभी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नामांकन के साथ-साथ बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे जनपद की लर्निंग आउटकम में सुधार लाया जा सके।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी , खंड शिक्षा अधिकारी गैंसडी व अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.