कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राएं नए भवन में हुई स्थानांतरित
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
छात्राओं को मिली बेहतर आवासीय व शैक्षिक सुविधाएं
बलरामपुर।जनपद में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाकर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जनपद प्रशासन द्वारा छात्राओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षण-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।विकास खंड पचपेड़वा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं को नव निर्मित भवन में स्थानांतरित किया गया है, जिससे यहां की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पूर्व में इस विद्यालय का संचालन पचपेड़वा नगर के उच्च प्राथमिक विद्यालय के सीमित कमरों में किया जा रहा था, जहां छात्राओं को समुचित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही थीं।जिलाधिकारी के निर्देशन में निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए नवीन भवन को पूर्ण कराया गया तथा छात्राओं को नए भवन में शिफ्ट किया गया। वर्तमान में छात्राओं को सुव्यवस्थित कक्षाएं, सुरक्षित एवं स्वच्छ छात्रावास, बेहतर फर्श, शौचालय, दरवाजे एवं खिड़कियों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।इसके अतिरिक्त विद्यालय में सीसीटीवी कैमरा, स्मार्ट क्लास, सोलर पैनल, इनवर्टर एवं आरओ (शुद्ध पेयजल) जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ हुई है।जनपद में हाल ही में दो और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों शिवपुरा एवं बलरामपुर देहात के नवीन भवनों का निर्माण पूर्ण कर छात्राओं को स्थानांतरित किया गया है। इन नव निर्मित भवनों में छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित आवासीय वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।इसी प्रकार विकास खंड गैंडास बुजुर्ग में भी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के नए छात्रावास में छात्राओं को शिफ्ट किया गया है, जहां उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। वहीं विकास खंड श्रीदत्तगंज , रेहरा बाजार एवं गैसड़ी में कस्तूरबा विद्यालयों की बृहद मरम्मत का कार्य प्रगति पर है, जिससे शीघ्र ही वहां भी छात्राओं को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में मजबूत पहल।जनपद प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में छात्राओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय एवं शैक्षिक वातावरण प्राप्त हो। यह पहल बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।