टाइनी टॉट्स स्कूल में मजदूर दिवस पर निबंध प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
विश्व मजदूर दिवस पर टाइनी टॉट्स स्कूल में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन, 50 छात्रों ने लिया भाग
निबंध प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया ज्ञान और जागरूकता का परिचय
उतरौला (बलरामपुर) नगर के प्रतिष्ठित सीबीएसई बोर्ड से संचालित टाइनी टॉट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मजदूर दिवस के इतिहास, महत्व एवं श्रमिकों के योगदान के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्रों ने अपने निबंधों में मजदूर दिवस की तिथि, उद्देश्य, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, हेमार्केट घटना, अंतरराष्ट्रीय मान्यता तथा भारत में इसकी शुरुआत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। बच्चों ने अपने विचारों को प्रभावशाली भाषा और उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए अपनी रचनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।निबंध प्रतियोगिता का संचालन विद्यालय के अध्यापक अनिल कुमार गुप्ता एवं राशिद रिजवी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिक्षकों ने छात्र – छात्राओं को विषय की गहराई से समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर सैफ अली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्व मजदूर दिवस के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मजदूर दिवस प्रत्येक वर्ष 1 मई को मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत 1886 में अमेरिका के शिकागो शहर में मजदूरों द्वारा 8 घंटे कार्य दिवस की मांग को लेकर किए गए ऐतिहासिक आंदोलन से हुई थी। उन्होंने हेमार्केट घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना श्रमिक अधिकारों के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई।उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 1889 में पेरिस सम्मेलन के बाद 1 मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के रूप में मान्यता मिली, जबकि भारत में इसकी शुरुआत 1923 में चेन्नई से हुई। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ होते हैं और उनके बिना विकास संभव नहीं है, इसलिए हमें उनके श्रम का सम्मान करना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य मनीष कुमार सिंह द्वारा प्रतिभागी छात्रों के प्रयासों की सराहना की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस प्रकार यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।