Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

पूर्व प्रधान हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन और आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सादुल्लानगर (बलरामपुर)। परसरामपुर गांव में पूर्व प्रधान व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष तेज बहादुर यादव उर्फ बब्बन यादव की हत्या के मामले में थाना सादुल्लानगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। चार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने हत्या प्रकरण से जुड़े तीन और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे पूर्व प्रधान तेज बहादुर यादव पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया गया था। गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में थाना सादुल्लानगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण व थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को तीन वांछित अभियुक्तों लारेब पुत्र रजा मुकताल्लिब निवासी विशुनपुर खरहना, आसिफ पुत्र मोहम्मद निसार अहमद निवासी जिगनी तथा मोहम्मद साहिल पुत्र मोहम्मद रफीउल्लाह निवासी कस्बा सादुल्लानगर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय रवाना कर दिया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में रामदास कश्यप, रिंकू, जयकरन कश्यप और हजारी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चेन स्पाकेट लगी लोहे की रॉड व डंडे बरामद कर चुकी है।पूर्व प्रधान की हत्या के बाद क्षेत्र में फैले तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.