वृहद रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं का उत्साह, 385 अभ्यर्थियों का हुआ प्रारम्भिक चयन
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम ने चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर
बलरामपुर।जनपद के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एम०एल०के०पी०जी० कॉलेज, बलरामपुर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय, एन०सी०सी० 51वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ए०पी० पटेलवाल, प्राचार्य प्रो० जे०पी० पाण्डेय, जिला सेवायोजन अधिकारी सुश्री मीता गुप्ता, सहायक सेवायोजन अधिकारी गुलाब चन्द्र मौर्य एवं सहायक सेवायोजन अधिकारी सचिन चौधरी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध रोजगार अवसरों एवं रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त की गई। रोजगार मेले में 13 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा रिक्त पदों हेतु चयन प्रक्रिया संपन्न की गई। इन पदों में इलेक्ट्रीशियन, मैनेजर, स्टोर कीपर, सुपरवाइजर, हेल्पर, एम०आर०, मशीन ऑपरेटर, कम्प्यूटर ऑपरेटर, सेल्समैन, बीमा सखी एजेंट एवं ऑफिस ब्वाय सहित विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पद शामिल रहे।रोजगार मेले में स्वरोजगार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, जिला उद्योग कार्यालय तथा लीड बैंक इंडियन बैंक, बलरामपुर शाखा द्वारा भी स्टॉल लगाए गए। युवाओं ने इन योजनाओं एवं पंजीकरण प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा जनपद के विभिन्न विभागों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से चयनित कार्मिकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न कंपनियों द्वारा चयनित 07 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए।अपने संबोधन में माननीय विधायक पल्टूराम ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अधिक से अधिक कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी दक्षता एवं प्रशिक्षण रोजगार प्राप्ति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।जिला सेवायोजन अधिकारी सुश्री मीता गुप्ता ने बताया कि रोजगार मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में रिक्तियों की मांग देखने को मिली। अधिकांश कंपनियां आई०टी०आई० एवं डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों की भर्ती के प्रति विशेष रुचि रखती थीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर प्रदान करने के लिए गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण एवं अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।रोजगार मेले में लगभग 750 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 385 अभ्यर्थियों का प्रारम्भिक रूप से चयन किया गया।कंपनीवार चयन विवरण के अनुसार मै० सिस्का इलेक्ट्रिकल एण्ड मैनेजमेन्ट द्वारा 25, गुडवेल इंडिया मैनेजमेंट ग्रुप आफ कम्पनीज द्वारा 37, मैनपावर ग्रुप सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 21, ब्राइट फ्यूचर आग्रेनिक हर्ब्स एंड आयुर्वेदिक द्वारा 26, केयर हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 30, डस्की स्टैलियन एजूकेशन एण्ड ट्रेनिंग सर्विसेस द्वारा 29, यूमोजा मार्केट प्लेस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 37, भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा 57, पेरेग्राईन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 25, आईडिजिटल प्रेन्योर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 27, अनन्या स्किल एज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 26, एशियन इलेक्ट्रॉनिक्स रिकूटमेंट कम्पनी द्वारा 21 तथा डिस्कन टेक्नोलॉजीज इंडिया प्रा०लि० द्वारा 24 अभ्यर्थियों का प्रारम्भिक चयन किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभ्यर्थियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।