Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

राजस्व वसूली में तेजी लाकर मासिक एवं वार्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

धारा-24, 34, 80 एवं 116 के लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

धारा-34 नामांतरण वाद के निस्तारण हेतु 15 जून से 30 जून तक चलेगा विशेष अभियान

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा राजस्व प्राप्ति तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जीएसटी, आबकारी, स्टाम्प एवं निबंधन, परिवहन, ऊर्जा, भू-राजस्व, खनन, वानिकी, बाट-माप तथा अन्य राजस्व प्राप्ति से संबंधित विभागों की समीक्षा करते हुए शासन द्वारा निर्धारित मासिक एवं वार्षिक लक्ष्यों के सापेक्ष राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर राजस्व प्राप्ति में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों के समयबद्ध निर्गमन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किए जाएं, ताकि आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।बैठक में आपदा राहत एवं कृषक दुर्घटना सहायता योजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समयावधि में सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रखा जाए।राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने धारा-24, धारा-34, धारा-80 एवं धारा-116 के अंतर्गत लंबित सभी वादों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाकर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में धारा-34 नामांतरण वादों के लंबित मामलों के निस्तारण हेतु दिनांक 15 जून से 30 जून, 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान सभी तहसीलों में नामांतरण संबंधी लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में विशेष अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों को भूमि आवंटन एवं पट्टा वितरण की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुश्री ज्योति राय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.