बड़े मंगलवार पर डॉ. घनश्याम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया भंडारा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
उतरौला, बलरामपुर।ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर आर.एस.वी. हॉस्पिटल परिसर में डॉक्टर घनश्याम वर्मा की अध्यक्षता में विशाल भंडारे का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और जनसेवा के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान राम और बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि आर.एस.वी. ग्रुप के चेयरमैन एवं समाजसेवी राधेश्याम वर्मा व्यक्तिगत व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति में उनके अनुज एवं आर.एस.वी. हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. घनश्याम वर्मा ने पूरे कार्यक्रम की कमान संभाली और सहयोगियों के साथ मिलकर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रसाद वितरण एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित इस भंडारे में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता की झलक भी देखने को मिली। विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जिससे आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश प्रसारित हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. घनश्याम वर्मा, बब्लू वर्मा, पवन वर्मा, सुमित सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। राधेश्याम वर्मा ने अपने संदेश में कहा कि बड़े मंगल का पर्व सेवा, त्याग और परोपकार की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। समाजहित और जनकल्याण के ऐसे आयोजन लोगों के बीच प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ाने का कार्य करते हैं।