तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार, बलरामपुर।केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान” के अंतर्गत ब्लॉक सभागार रेहरा में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए क्षेत्रवासियों से स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इसके अलावा धात्री माताओं को पुष्टाहार किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्राथमिकता है।इस अवसर पर यू.पी. सिंह प्रतिनिधि, केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान, विधानसभा संयोजक सुधीर श्रीवास्तव, भाजपा नेता भारत नरेश सिंह, भाजपा नेता रामकरन मिश्रा, मंडल अध्यक्ष जिलेदार पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष साधु नगरविष्णु प्रताप गुप्ता, घनश्याम सिंह, खंड विकास अधिकारी विमला चौधरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हुआ।