Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

शिक्षा की गुणवत्ता एवं लर्निंग आउटकम पर विशेष जोर

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद के माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं छात्रों के बेहतर शैक्षणिक विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जनपद के राजकीय इंटर कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि छात्रों के सीखने की क्षमता, विषयों की समझ एवं परीक्षा परिणामों में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से लर्निंग आउटकम को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित मूल्यांकन एवं कमजोर छात्रों के लिए विशेष रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेजों में छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए जनजागरूकता एवं संपर्क अभियान चलाने को कहा, ताकि अधिकाधिक छात्र सरकारी विद्यालयों से जुड़ सकें और उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।इसके उपरांत बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों की उपस्थिति तथा सीखने के स्तर की समीक्षा की। इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित 14 प्रमुख लर्निंग परफॉर्मेंस इंडिकेटर्स (KPI) पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक में छात्र उपस्थिति, भाषा एवं गणितीय दक्षता, टीएलएम का प्रयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण, कॉपियों एवं कार्यपुस्तिकाओं की जांच, निपुण लक्ष्य ऐप के माध्यम से असेसमेंट, कमजोर छात्रों की पहचान, उपचारात्मक शिक्षण समूहों का निर्माण, प्रगति पंजिका, पुस्तकालय एवं लर्निंग कॉर्नर का उपयोग, समय-सारिणी का पालन, छात्र अनुपस्थिति पर अभिभावकों से संपर्क तथा विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के नेतृत्व जैसे बिंदुओं की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में इन निर्धारित मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत हो सके और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जनपद की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जेडी माध्यमिक शिक्षा देवीपाटन मंडल, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.