भामाशाह जयंती पर जनपद में मनाया गया ‘व्यापारी कल्याण दिवस’, उत्कृष्ट करदाताओं को किया गया सम्मानित
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।विकास भवन सभागार में महान राष्ट्रभक्त, समाजसेवी एवं दानवीर शिरोमणि भामाशाह जी की जयंती को ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के रूप में अत्यंत गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शासन के निर्देशों के अनुपालन में किया गया, जिसमें व्यापारिक समुदाय के योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, राज्य कर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भामाशाह जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राष्ट्र निर्माण, स्वाभिमान और समाज सेवा के प्रेरणादायी योगदान को स्मरण किया।कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल संबोधन भी सुना गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि भामाशाह जी केवल एक महान दानवीर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में समर्पण और त्याग की अद्वितीय मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ है तथा करदाता विकास की गति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार द्वारा व्यापारियों के हितों के संरक्षण, व्यापार सुगमता और पारदर्शी कर प्रणाली के माध्यम से उन्हें अधिक सक्षम एवं सशक्त बनाया जा रहा है।इस अवसर पर जनपद के ऐसे मेधावी व्यापारियों एवं उद्यमियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने सर्वाधिक राज्य कर (जीएसटी) जमा कर राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा जनपद के व्यापारिक एवं औद्योगिक विकास में अनुकरणीय भूमिका निभाई है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उन्हें मंच पर स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर ‘भामाशाह पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शासन एवं प्रशासन द्वारा व्यापारियों के सम्मान और प्रोत्साहन की इस पहल की सराहना की तथा इसे व्यापारिक समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत बताया।समारोह के अंत में राज्य कर विभाग के अधिकारियों द्वारा उपस्थित सभी व्यापारियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने हेतु प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया गया।