गोण्डा के इंटरनेशनल जादूगर ‘मिस्टर इंडिया’ का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
विश्वभर में बज रहा है भारतीय जादू कला का डंका
गोण्डा। उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के ख्याति प्राप्त इंटरनेशनल जादूगर मिस्टर इंडिया ने अपनी अद्भुत जादू कला के दम पर देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने से जिले सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।जादूगर मिस्टर इंडिया अब तक 35,000 से अधिक जादुई प्रस्तुतियां दे चुके हैं। उन्होंने वियतनाम, तुर्की, श्रीलंका, दुबई, अमेरिका, बांग्लादेश, पाकिस्तान, नेपाल, मॉरीशस सहित कई देशों में अपनी कला का प्रदर्शन कर भारतीय जादू को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। अपनी अनूठी शैली और शानदार प्रस्तुतियों के कारण उन्होंने विश्वभर में अलग पहचान बनाई है।वर्तमान में जादूगर मिस्टर इंडिया IBM न्यूयॉर्क, अमेरिका में ज्यूरी बोर्ड सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय महासचिव के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। यह उपलब्धि न केवल गोण्डा जिले बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है।जादूगर मिस्टर इंडिया की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा, समर्पण और निरंतर मेहनत के बल पर विश्व स्तर पर भी नई ऊँचाइयाँ हासिल की जा सकती हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभचिंतकों, कला प्रेमियों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।