Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

मिलक में डिवाइडर से टकराई स्कूटी, हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रही मां-बेटी की मौत

रिपोर्ट – ब्यूरो रामपुर

मिलक (रामपुर)मिलक क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार मां और उनकी बड़ी बेटी की दर्दनाक मौत हो गई।मृतकाएं बरेली की रहने वाली थीं और परिवार के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर दोपहिया वाहनों से अपने घर लौट रही थीं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार, बरेली के पटेल नगर निवासी कपिल खंडेलवाल रविवार को अपनी पत्नी तृप्ति गुप्ता (50), बड़ी बेटी श्री (19), छोटी बेटी दिव्या (17) और बेटे कार्तिक (12) के साथ गंगाजल लेने हरिद्वार गए थे। देर रात पूरा परिवार दोपहिया वाहनों से वापस बरेली के लिए रवाना हुआ। तृप्ति गुप्ता और उनकी बड़ी बेटी श्री एक स्कूटी पर सवार थीं, जबकि कपिल अपनी छोटी बेटी दिव्या और बेटे कार्तिक को बाइक पर लेकर आगे-पीछे चल रहे थे।सोमवार सुबह करीब 4 बजे जैसे ही उनकी स्कूटी मिलक क्षेत्र के लोहा पट्टी गांव स्थित हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी और उस पर सवार तृप्ति गुप्ता व श्री की मौके पर ही सांसें थम गईं। पीछे चल रहे परिवार के अन्य सदस्यों ने जब यह मंजर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस की कार्रवाई:सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मां तृप्ति के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, परिजनों के करुण क्रंदन और विशेष अनुरोध को देखते हुए पुलिस ने 19 वर्षीय बेटी श्री के शव को बिना पोस्टमॉर्टम के ही अंतिम संस्कार के लिए घर भेज दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना की वजह सुबह के वक्त नींद की झपकी आना लग रहा है, मामले की गहन जांच की जा रही है। एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां चंद सेकंड में मातम में बदलने से इलाके में हर कोई स्तब्ध है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.