विकसित भारत के संकल्प को मिली नई उड़ान, नयानगर विद्यालय में छात्राओं को मिले स्कूल बैग
रिपोर्ट – रमेश कुमार शर्मा
बलरामपुर। विकासखंड रेहरा बाजार स्थित जी.एल. यादव गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, नयानगर में गुरुवार को राष्ट्रीय ग्रामीण साक्षरता मिशन के तहत छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम में शिक्षा को विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए छात्राओं को बेहतर भविष्य के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान तथा विशिष्ट अतिथि चौकी प्रभारी नयानगर उपनिरीक्षक प्रभात पाल रहे। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष भारत नरेश सिंह भी मौजूद रहे। विद्यालय परिसर में अतिथियों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।मुख्य अतिथि पंकज सिंह चौहान ने छात्राओं को स्कूल बैग वितरित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की बेटियां शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनेंगी। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, नियमित अध्ययन और उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है तथा आज की छात्राएं ही कल के विकसित भारत की पहचान बनेंगी।विद्यालय के प्रबंधक ओम प्रकाश यादव ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यालय को निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध बताया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासक अताउल मुस्तफा, संरक्षक अवधेश कुमार, प्रधानाचार्य सुनील कुमार, उपप्रधानाचार्य राम उजागर, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।