वाहन चोरी का खुलासा, चोरी का सीएनजी ऑटो रिक्शा बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर, 31 जुलाई 2026। जनपद बलरामपुर की थाना कोतवाली उतरौला पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सीएनजी ऑटो रिक्शा बरामद किया है।पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को गोण्डा जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी रामपाल ने सूचना दी थी कि 25 जुलाई को ग्राम जोगीवीर क्षेत्र से उनका सीएनजी ऑटो रिक्शा (संख्या UP43CT7096) अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। इस सूचना पर थाना कोतवाली उतरौला में मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार मिश्र द्वारा विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार राज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मधपुर पुलिया क्षेत्र में वाहन की तलाश शुरू की। बभनी बुजुर्ग प्राथमिक विद्यालय के पास संदिग्ध सीएनजी ऑटो को रोककर जांच की गई। वाहन की नंबर प्लेट काले पन्ने से ढकी हुई थी। पन्नी हटाने पर वाहन का पंजीकरण नंबर UP43CT7096 मिला, जो चोरी हुए ऑटो से मेल खाता था।पुलिस ने वाहन चला रहे रहमान अहमद (38 वर्ष) पुत्र एजाज अहमद, निवासी मोहल्ला जवाहरनगर, कस्बा मनकापुर, जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चालक के वाहन में चाबी लगी छोड़कर शौच के लिए जाने का फायदा उठाते हुए ऑटो चोरी कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में बरामदगी से संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार यादव तथा आरक्षी प्रान्शू तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।