प्राथमिक विद्यालय मौहरवा में लोकतंत्र का उत्सव, शांतिपूर्ण मतदान से चुनी गई बाल संसद; 31 वोट पाकर साजन बने बाल प्रधानमंत्री
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार, बलरामपुर।रेहरा बाजार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मौहरवा में सोमवार को बाल संसद गठन के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण मतदान संपन्न कराया गया। चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और लोकतंत्र के मूल्यों को व्यवहारिक रूप से सीखा। विद्यालय परिसर में मतदान के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बाल सुरक्षा कर्मियों ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई, जबकि विद्यालय के शिक्षकों ने मतदान अधिकारियों की भूमिका निभाते हुए निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराया।
बाल संसद के प्रधानमंत्री पद के लिए कुल पांच प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की गई, जिसमें साजन ने सर्वाधिक 31 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की और बाल प्रधानमंत्री निर्वाचित हुए। वहीं प्रीतम यादव को 16 वोट, विनोद को 14 वोट, अंशू यादव को 11 वोट तथा आंचल को 10 वोट प्राप्त हुए।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में खुशी का माहौल बन गया। विजयी प्रत्याशी साजन को साथियों और शिक्षकों ने बधाई दी। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि बाल संसद का उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना है, ताकि वे भविष्य में एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें।इस अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक कामता प्रसाद, सहायक अध्यापिका रीता गौड़, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पूजा देवी, रसोइया सहित विद्यालय स्टाफ एवं प्रशासनिक सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।