Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची सादुल्ला नगर पुलिस, साइबर ठगी से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सादुल्लानगर,बलरामपुर। बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से थाना सादुल्ला नगर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, नेट बैंकिंग, एटीएम तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि साइबर अपराधी बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर कर्मचारी, सरकारी अधिकारी या परिचित बनकर फोन और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को झांसे में लेते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी एटीएम, पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें। पुलिस ने कहा कि बैंक या कोई सरकारी संस्था कभी भी फोन पर इस प्रकार की गोपनीय जानकारी नहीं मांगती।
अभियान के दौरान लोगों को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, सोशल मीडिया पर आने वाले आकर्षक विज्ञापनों, नकली निवेश योजनाओं, ऑनलाइन नौकरी के झांसे और फर्जी कस्टमर केयर नंबरों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या बिना पुष्टि किए ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का प्रयास हो या कोई व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार हो जाए तो घबराने के बजाय तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई धनराशि को सुरक्षित कराने की संभावना काफी बढ़ जाती है।पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति डिजिटल लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरते और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दे, तो साइबर अपराधों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.