Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनने वाले रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण कार्य का हुआ भूमि पूजन

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर।प्रदेश में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद बलरामपुर के विधानसभा क्षेत्र सदर अंतर्गत बलरामपुर-श्रावस्ती-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-730 पर गोंडा-बलरामपुर रेल खंड में बलरामपुर एवं झारखंडी रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित समपार संख्या-136 (स्पेशल/3ई) पर प्रस्तावित दो लेन रेल उपरिगामी सेतु निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह एम.पी.पी. इंटर कॉलेज, बलरामपुर में संपन्न हुआ।भूमि पूजन विधायक सदर पल्टूराम द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग थी। रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण से रेल फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी तथा नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा निर्मित की जाने वाली यह परियोजना लगभग 1.13 किलोमीटर लंबी है, जिसकी स्वीकृत लागत लगभग ₹292.21 करोड़ है। परियोजना के लिए प्रथम चरण में ₹90 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। सेतु निर्माण पूर्ण होने के उपरांत राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित, तेज एवं निर्बाध होगा तथा रेल फाटक बंद रहने के कारण होने वाली अनावश्यक प्रतीक्षा और जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा।भूमि पूजन के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि जनपदवासियों को एक टिकाऊ एवं आधुनिक आधारभूत संरचना उपलब्ध हो सके।यह रेल उपरिगामी सेतु न केवल यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि जनपद बलरामपुर के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा मालवाहक एवं सार्वजनिक परिवहन भी अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधिगण ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की श्रृंखला में यह परियोजना बलरामपुर के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.