Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

उतरौला में सर्वे सट्टा मेले का आयोजन, विधायक राम प्रताप वर्मा ने किया शुभारंभ

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

उतरौला (बलरामपुर) सहकारी गन्ना विकास समिति लि., उतरौला परिसर में सर्वे सट्टा मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा ने फीता काटकर किया।अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि गन्ना विकास विभाग की वेबसाइट ई-गन्ना (e-Ganna) कृषक हितैषी है। यह प्रणाली गन्ना आपूर्ति को सुलभ, सरल एवं पारदर्शी बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है।
समिति के अध्यक्ष तोताराम वर्मा ने कृषकों के सट्टे से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं के मौके पर ही समाधान के लिए विभाग की तत्परता की सराहना की। जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि गन्ना विकास विभाग सदैव कृषक हितैषी कार्यों के लिए सक्रिय एवं तत्पर रहेगा।
मेले में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने नए सदस्य बनाने एवं गन्ने की उपज बढ़ाने हेतु नवीन तकनीकों की जानकारी दी। सचिव अशोक चतुर्वेदी ने फार्म मशीनरी बैंक, गन्ना क्लीनिक एवं कृषि निवेश वितरण केंद्र के संबंध में विस्तार से बताया। महाप्रबंधक (गन्ना) चीनी मिल इटई मैदा, बलरामपुर दिनेश शर्मा ने चीनी मिल द्वारा गन्ना विकास के लिए किए जा रहे कार्यों एवं गन्ना मूल्य भुगतान के बारे में अवगत कराया।इस अवसर पर मोहम्मद परवेज, दुर्गेश मौर्य, अजीत कुमार चौधरी, अमित कुमार शाह, परमेश्वर कुशवाहा, अखिलेश कुमार, सनोज कुमार रावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कृषक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.